शाहरुख खान की फिल्म 'ओम शांति ओम' एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित फिल्म फेस्टिवल में शाहरुख खान की इस फिल्म को उसी सीन के साथ प्रदर्शित किया गया जिसे फिल्म से अलग करने का वादा शाहरुख और फिल्म की डायरेक्टर फराह खान ने कोर्ट में किया था। मनोज कुमार के वकीलों द्वारा शाहरुख खान उनकी प्रॉडक्शन कंपनी रेड चिली और फिल्म के ओवरसीज डिस्ट्रिब्यूटर ईरोज फिल्म्स को कोर्ट की अवमानना के साथ-साथ 100 करोड़ रुपए मुआवजे का नोटिस देने का फैसला किया है।
शाहरुख खान की इस फिल्म के उस सीन पर मनोज कुमार को जबर्दस्त ऐतराज था, जिसमें एक फिल्मी पार्टी में एंट्री के लिए शाहरुख और श्रेयस तलपडे़ गेट पर मनोज कुमार द्वारा दर्जनों फिल्म में किए गए एक खास स्टाइल को कॉपी करके पार्टी में एंट्री करने में कामयाब हो जाते है। मनोज कुमार को शाहरुख और फराह खान से शिकायत है कि उन्होंने उनके साथ-साथ कोर्ट के सामने किए अपने वादे को भी पूरा नहीं किया। शाहरुख ने मनोज कुमार से वादा किया था कि वे फिल्म और फिल्म की डीवीडी से इस सीन को अलग कर देंगे। इसके बाद मनोज कुमार ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी।





