इंटरनेट पर सेंसरशिप लगाने का सरकार का कोई इरादा नहीं है। संचार और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सचिन पायलट ने यह बात कही हैं। हालांकि पायलट ने कहा कि धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले कंटेट पर लगाम लगाना जरूरी है। इधर सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट पर निगरानी संबंधी पहल को लेकर दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल इंटरनेट का इस्तेमाल करने वालों के निशाने पर आ गए हैं। सिब्बल केखिलाफ टिप्पणी करने वालों में सांसद राजीव चंद्रशेखर, शेखर कपूर और शोभा डे जैसे नामचीन लोग शामिल हैं। इनका कहना है कि सरकार विचार-अभिव्यक्ति को सेंसर नहीं कर सकती। मंगलवार को कपिल सिब्बल ने इंटरनेट प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक सामग्री हटाने की बात कही थी।
सिब्बल को इंटरनेट की समझ नहीं
सांसद राजीव चंद्रशेखर माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा, आप सोच सकते हैं कि दूरसंचार विभाग के किसी नौकरशाह को ये जिम्मा सौंपा जाएगा कि वो इंटरनेट पर डाली जा रही सामग्री को मंजूर करे। जाने माने शेयर ब्रोकर राकेश झुनझुनवाला ट्वीट करते हैं कि मैं नहीं सोचता कि सिब्बल को इंटरनेट की समझ है। जब आप किसी वकील को आईटी मिनिस्टर बनाएंगे तो ऐसा ही होगा। प्रख्यात फिल्मकार शेखर कपूर झुनझुनवाला से सहमति जताते हैं। उनका ट्वीट है कि हर इंसान एक ब्रॉडकॉस्टर है, उसका सोशल मीडिया पर प्रभाव भी है और यही बात सरकारों और दुनिया के पहरेदारों केडर की वजह है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आघात होगा
लेखिका और सोशलाइट शोभा डे का ट्वीट है, सिब्बल साब, एक मैडम की प्राइवेसी बचाने के लिए दस करोड़ इंटरनेट यूजर्स पर जुल्म करेंगे। हमें अपनी आजादी पसंद है और ये बनी रहनी चाहिए। फिल्मकार कुणाल कोहनी को भी लगता है कि सरकार का ये कदम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आघात होगा। कुणाल कहते हैं कि भारत एक महान लोकतंत्र है। कपिल सिब्बल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को खत्म करना चाहते हैं लेकिन ऐसा हो नहीं सकता।
सिब्बल गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च वाला शब्द
उधर सिब्बल केपक्ष में भी खड़े उनके जूनियर मंत्री मिलिंद देवड़ा का कहना है कि सरकार इंटरनेट की सेंसरशिप नहीं चाहती। देवड़ा के अलावा कांग्रेस सांसद शशि थरूर का कहना है कि जिस तरह के नमूने कपिल सिब्बल ने मुझे दिखाए वो सामग्री आपत्तिजनक कही जाएगी। मालूम हो कि मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कपिल सिब्बल ने गूगल, फेसबुक, माइक्रोसॉफ्ट और याहू जैसी दिग्गज इंटरनेट कंपनियों से राजनेताओं और धर्म के खिलाफ वेबसाइट पर डाली गई आपत्तिजनक सामग्री पर नकेल कसने को कहा था। इसके बाद से इंटरनेट पर एक तरह से बवाल मच गया। आलम ये था कि सिब्बल देश में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला शब्द बन गया।





