अमर उजाला प्रबन्धन के अथक प्रयासों से पाठक अमर उजाला की खबर पर गीता की तरह विश्वास करते रहे हैं, पर आज कल अमर उजाला पेड न्यूज के चलते रूहेलखंड क्षेत्र में अपनी पुरानी साख खोता जा रहा है। पेड़ न्यूज पर तो पूरा ध्यान दिया जाता है, लेकिन सामाजिक ख़बरों पर किसी की ख़ास नज़र नहीं रहती, तभी आये दिन कुछ न कुछ बवाल होता रहता है। आज बदायूं में हजारों छात्र-छात्राएं परेशान रहे, वहीं प्रशासन को भी खूब मशक्कत करनी पड़ी।
हुआ यह कि उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री आजम खान कल यानी सोमवार को विशाल समारोह में कई योजनाओं से संबंधित चेक बांटेंगे, लेकिन अमर उजाला ने खबर छाप दी कि आज चेक बांटे जायेंगे, खबर पढ़ कर सुबह से ही समारोह स्थल पर छात्राएं और छात्र उमड़ पड़े, जिससे प्रशासन की ओर से वहां जिम्मेदार अफसर तैनात कर छात्र-छात्राओं को सही जानकारी देनी पड़ी। इस संबंध में प्रशासन को अमर उजाला के स्थानीय रिपोर्टरों ने बाताया कि गलती बरेली से हुई है, उनकी कोई कमी नहीं है, जो भी हो, पर खबर पढ़ कर आज जिन लोगों को परेशानी हुई और पैसा भी खर्च हुआ, उसकी भरपाई तो नहीं हो सकती। अब देखना यह है कि कल अमर उजाला इस खबर पर खेद प्रकट करेगा या नहीं, वैसे ऐसी उम्मीद कम ही है।






