: कुंडा में शहीद डिप्टी एसपी की पत्नी ने कहा कि न्याय न मिलने पर आंदोलन होगा : इलाहाबाद। कुंडा में ट्रिपल मर्डर में शहीद डिप्टी एसपी जियाउल हक की विधवा परवीन आजाद ने भगोड़े पुलिस कर्मियों पर राश्ट्रदोह का मुकदमा दर्ज कर उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की है। कहा है कि जिस तरह जंग के समय भगोड़े सैनिकों पर राष्ट्रदोह का मुकदमा किया जाता है, उसी तरह कुंडा में वारदात के समय जियाउल हक का साथ छोड़कर भागने वाले पुलिस कर्मियों को भी दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि ऐसा न होने पर वे आंदोलन करने को मजबूर होंगी। जरूरत पड़ने पर अनशन भी कर सकती हैं।
परवीन आजाद रविवार को अपने पति जियाउल हक का घरेलू सामान देवरिया ले जाने के लिए कुंडा आईं थी। मीडिया से मुखातिब परवीन के तेवर काफी तल्ख थे। उन्होंने कहा, वारदात के समय डिप्टी एसपी के साथ जाने वाले पुलिसकर्मियों के पास असलहे थे। इसके बावजूद वे लोग दुम दबाकर भाग निकले। जियाउल हक तीन घंटे सड़क पर घायल अवस्था में तड़पते रहे। अगर समय पर इलाज मुहैया करा दिया जाता तो शायद उनकी जान बच जाती।
इस बीच अचानक भावुक हुई परवीन ने रूंधे गले से कहा कि उनकी लड़ाई केवल अपने पति के लिए ही नहीं बल्कि एक जाबांज पुलिस अफसर की शहादत को उनके मुकाम तक पहुंचाने के लिए भी है। इसके लिए वे ज्यादा इंतजार नहीं कर सकती। इसके पूर्व सीबीआई टीम की देखरेख में वे अपने पति के सरकारी आवास में गईं। वहां उनकी निजी डायरी व अन्य कई सामानों को हासिल किया। सीबीआई ने उनसे कई घंटे पूछताछ की। सामानों को पैक कराने के बाद ट्रक से उनके घर देवरिया भेजा गया।
इलाहाबाद से शिवाशंकर पांडेय की रिपोर्ट






