सूरत। राजस्थान युवा संघ, सूरत द्वारा पिछले दिनों फागोत्सव आयोजित कराया गया था. सूरत में राजस्थान के प्रवासी परिवार राजस्थान पत्रिका के पाठकों में सबसे बड़ा वर्ग है. राजस्थान युवा संघ भी राजस्थान के प्रवासियों का यहां सबसे बड़ा संगठन है. इस संगठन की हैसियत इस बात से समझी जा सकती है कि युवा संघ द्वारा राजस्थान मानव सेवा चिकित्सालय के नाम से पांच करोड़ का प्रकल्प निर्माणाधीन है जहां रियायती दरों पर इलाज की सभी आधुनिक सुविधाएं सुलभ करवाई जाएंगी.
राजस्थान युवा संघ ने होली के अवसर पर चार दिवसीय फागोत्सव का आयोजन किया जिसमें चार दिन राजस्थान के अन्तर्राष्ट्रीय ख्यातनाम कलाकारों ने लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। फागोत्सव में रोजाना बीस से पच्चीस हजार प्रवासी राजस्थानी शरीक हुए। जैसा कि पत्रिका प्रबंधन की नीति रही है, मुफ्त में प्रचार के लिए स्थानीय सम्पादकजी ने आनन-फानन में दस-बीस बैनर भिजवाये और कार्यक्रम स्थल पर मुख्य द्वार के पास केनोपी भी लगवा दी।
पत्रिका टीम ने मुख्य द्वार के आसपास जगह-जगह नम्बर वन अखबार और दक्षिण गुजरात की धड़कन राजस्थान पत्रिका के बैनर टंगवा दिए। लेकिन जैसे ही आयोजन समिति के मुख्य लोगों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने बिना देरी किए न केवल बैनर हटवा दिए बल्कि केनोपी को भी उतरवा दिया। इतना ही नहीं, उन पर सम्पादकजी की नाराजगी का भी असर नहीं हुआ।






