नोएडा : फिल्म शंघाई के लिए सिक्स पैक खत्म किए और निर्देशक दिवाकर के कहने पर नौ-दस किलो वजन भी बढ़ाया। कोशिश कर रहा हूं कि सीरियल किसर की छवि को तोड़कर बाहर निकला जाए, शंघाई फिल्म में कुछ ऐसा ही करने का प्रयास किया है। सिने स्टार इमरान हाशमी ने ये बातें रविवार को दैनिक जागरण व उर्दू दैनिक इंकलाब के सेक्टर-63 स्थित कार्यालय में कहीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस फिल्म को जरूर देंखे, क्योंकि इसमें इमरान एक अलग रूप में दिखाई देगा। फिल्म में उन्होंने एक छोटे शहर के पत्रकार का किरदार निभाया है। ऐसे में अखबार की दुनिया को नजदीक से जानने के लिए उन्होंने अखबार की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
शंघाई के प्रोमोशन के लिए यहां आए इमरान ने कहा कि वह अब तक तो दैनिक जागरण कभी-कभी ही पढ़ते रहे हैं लेकिन अब नियमित रूप से पढ़ना शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि वह हिन्दी खबरों के लिए जागरण डॉट कॉम देखते हैं। उन्होंने बताया कि राजनीति, थ्रिलर और जमीन पर कब्जे की कहानी है शंघाई। फिल्म में दिखाया गया है कि नेता किस तरह से किसी भी छोटे शहर को शंघाई बनाने का दावा कर लोगों को लूटते हैं।
अपने किरदार के बारे में हाशमी ने बताया कि जोगी परमार, एक अजीब किरदार है। जो एक छोटे शहर का पत्रकार है। वह फोटो खींचता है, वीडियो बनाता है और पोर्न फिल्में भी शूट करता है। सात साल में दर्शकों में मेरी इमेज सीरियल किसर की रही है। इसे तोड़ना चाहता हूं। इस फिल्म के जरिए ऐसा करने का प्रयास भी किया गया है। आने वाले फिल्म घनचक्कर के बारे में उन्होंने बताया कि डर्टी पिक्चर के बाद विद्या बालन के साथ यह मेरी दूसरी फिल्म है। इसमें कॉमेडी है, थ्रिलर है। इस फिल्म में मैं लॉक एक्सपर्ट के किरदार में हूं जो एक बैंक में रॉबरी करता है और इसके बाद किस तरह से उसकी जिंदगी बदलती है। फिल्म में मैं और मरी पत्नी मध्यमवर्गीय परिवार के रूप में हैं लेकिन दोनों की इच्छा लग्जरी जिंदगी जीने की है। साभार : जागरण






