जैसा कि अनुमान लगाया जा रहा था ठीक वैसा हुआ है. अमर उजाला प्रबंधन ने अपने आठ यूनिटों के संपादकों को इधर-उधर किया है. जिन यूनिटों के संपादकों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं उनमें बरेली, कानपुर, इलाहाबाद, बनारस, गोरखपुर, अलीगढ़, मेरठ और गाजियाबाद यूनिट शामिल हैं. अमर उजाला, बरेली में तैनात प्रभात सिंह का तबादला गोरखपुर के लिए कर दिया गया है. इसे प्रभात का डिमोशन माना जा रहा है. माना जा रहा है कि प्रभात का तबादला पिछले दिनों उन पर लगे आरोपों के चलते किया गया है.
बरेली में उनकी जगह बनारस से डा. तीरविजय सिंह को भेजा जा रहा है. डा. तीरविजय का तबादला रुटीन के तहत किया जा रहा है. बनारस में इन्होंने चार साल पूरे कर लिए थे. प्रबंधन इनके काम से संतुष्ट था तथा बरेली में अखबार को मजबूत करने के लिए इनको जिम्मेदारी सौंपी है. गोरखपुर में तैनात मृत्युंजय कुमार को मेरठ का संपादक बनाकर भेजा गया है. ये शंभूनाथ शुक्ल को रिपोर्ट करेंगे. शंभूनाथ शुक्ल मेरठ के अलावा अमर उजाला के कुछ और यूनिटों का प्रभार भी देखेंगे.
अमर उजाला, इलाहाबाद में तैनात मनोज मिश्र का तबादला नोएडा के लिए किया गया है. मनोज भी इलाहाबाद में चार साल से अधिक समय तक टिके हुए थे, लिहाजा इनका तबादला भी रुटीन के तहत किया गया है. मनोज की जगह इलाहाबाद में पंकज मुकाति को भेजा जा रहा है, जो अब तक कॉम्पैक्ट की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. कानपुर के संपादक दिनेश जुयाल को नोएडा बुला लिया गया है. वे यहां पर काम्पैक्ट के प्रभारी होंगे. दिनेश पर काम्पैक्ट को आगे ले जाने की जिम्मेदारी होगी.
अमर उजाला, गाजियाबाद के संपादक कुमार अभिमन्यु को बनारस का संपादक बनारक भेजा जा रहा है. बताया जाता है कि गाजियाबाद में उनके काम से संतुष्ट होकर उन्हें बनारस की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है. कुमार अभिमन्यु की जगह अलीगढ़ के संपादक विनीत कुमार को गाजियाबाद का प्रभार सौंपा गया है. नोएडा में पहले पेज की जिम्मेदारी निभा रहे भूपेंद्र सिंह को अलीगढ़ का नया संपादक बनाया गया है. भूपेंद्र की संपादक के रूप में यह पहली नियुक्ति है.






