दैनिक हिंदुस्तान, लखनऊ के चीफ सब एडीटर रहे अरविंद नारायण सिंह और अमर उजाला, लखनऊ में चीफ सब एडीटर रहे नवीन निगम ने लखनऊ से शीघ्र प्रकाशित होने जा रहे हिंदी दैनिक कैनविज टाइम्स में उप समाचार संपादक (डीएनई) के पद पर आज अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। संपादकीय विभाग में वरिष्ठ पद पर हुई इस नियुक्ति के साथ ही देश भर से पत्रकारों के कैनविज टाइम्स से जुड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
कैनविज टाइम्स के प्रधान संपादक प्रभात रंजन दीन के नेतृत्व में कैनविज टाइम्स डेली का प्रकाशन होने जा रहा है। शुरुआती दौर में प्रभात रंजन दीन के आने के फौरन बाद ही दैनिक जागरण के सिलिगुड़ी संस्करण के चीफ रिपोर्टर दिनेशचंद्र मिश्र स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कैनविज टाइम्स से जुड़े। फिर चौथी दुनिया के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड संस्करण के मार्केटिंग मैनेजर रहे अरविंद कुमार सिंह कैनविज टाइम्स में डिप्टी मैनेजर जन सम्पर्क सह डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन के पद पर आ गए।
इसके बाद जनसंदेश, लखनऊ के सिस्टम प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव और नई दुनिया, भोपाल में सिस्टम प्रभारी रहे रोहित मिश्र कैनविज टाइम्स से जुड़ गए। बिजनेस स्टैंडर्ड के सर्कुलेशन अधिकारी रहे सुरेंद्र वर्मा ने भी अभी पिछले ही दिनों कैनविज टाइम्स में डिप्टी मैनेजर सर्कुलेशन का कार्यभार संभाला है। चौथी दुनिया राष्ट्रीय साप्ताहिक में दिल्ली में उप संपादक रहे कुमार सुशांत ने भी पिछले दिनों कैनविज टाइम्स के संपादकीय विभाग में अपना योगदान दिया है।






