रेल बजट पेश करने से पहले रेल मंत्री पवन बंसल की खबर आजतक पर देश की जानी मानी दस रिपोर्टर लेंगी। इस बार रेल बजट को लेकर आजतक ने जबरदस्त तैयारी की है। आज (शनिवार) रात आठ बजे आजतक पर दो घंटे का प्रोग्राम प्रसारित होगा-लेडीज वर्सेज पवन बंसल। इस शो के लिए देश के अलग अलग हिस्सों में आजतक की महिला रिपोर्टर्स ने ट्रेन में सफर किया और देखा कि रेलवे महिलाओँ को लेकर कितना संवेदनशील है। क्या उनके लिए सारी सुविधाएं मौजूद हैं, क्या महिलाएं सुरक्षित यात्रा कर सकती हैं।
इस शो के लिए अंजना ओम कश्यप ने दिल्ली से पटना, रितुल जोशी ने दिल्ली से भोपाल, श्वेता सिंह ने दिल्ली से चंडीगढ़, प्रमिला दीक्षित ने दिल्ली से कापुर, मनोज्ञा लोइवाल ने हावड़ा से वर्धमान, गोपी घांघर ने अहमदाबाद से सूरत, रोहिणी स्वामी ने बैंगलोर से येशवंतपुर, प्रियंवदा ने चेन्नई इग्मोर से तांबरम तक सफर किया। विद्या ने मुंबई लोकल तो रीमा पाराशर ने दिल्ली से गाजियाबाद लेडीज स्पेशल में महिलाओं के लिए सुरक्षित सफर का जायजा लिया। महिला रिपोर्टर्स के सफर के दौरान ऐसे दिलचस्प अनुभव सामने आए, जिसे देखकर आप हैरान रह जाएंगे।