भरतपुर। थाना मथुरा गेट पुलिस में सुरेश फौजदार निवासी गांव कसौदा थाना सेवर ने दिल्ली निवासी अनिल पांडे के खिलाफ आज तक न्यूज चैनल के फर्जी आई कार्ड बनाने का मामला दर्ज कराया है। थाना मथुरागेट के एसआई रतनलाल ने बताया कि सुरेश फौजदार ने सूचना दी कि मोहल्ला गोपालगढ़ निवासी भगवती व उसके पिता भूपेंद्र द्वारा स्वयं को आज तक न्यूज चैनल का पत्रकार बताते हुए दो न्यूज चैनलों के प्रतिनिधि धनेश चंद व संजीव कुंतल को फोन कर बताया कि उनके यहां राशन का गेहूं सड़ा हुआ आया है इसलिए इसकी कवरेज करें।
जब यह दोनों मौके पर पहुंचे तो पिता-पुत्री ने स्वयं को आज तक न्यूज का प्रतिनिधि बताया व आई कार्ड भी दिखाए। जब कार्ड देने के वाले के विषय में पूछा तो पता चला कि इन दोनों को अनिल पांडे ने आज तक न्यूज चैनल के कार्ड बनाकर दिए हैं। इस पर धनेश चंद व संजीव ने सुरेश फौजदार को सूचना दी। सुरेश फौजदार ने आज तक न्यूज के दिल्ली ऑफिस फोन कर पता किया तो वहां से अनिल पांडे को चैनल कर्मचारी नहीं बताया गया। इस पर थाना मथुरागेट पुलिस में फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कराया गया। एसआई रतनलाल ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी वीरेंद्र शर्माने बताया कि पूछताछ के लिए अनिल पांडे को हिरासत में लिया गया है।





