नई दिल्ली। इंडियन न्यूज पेपर सोसाइटी की प्लैटिनम जुबली पर आयोजित समारोह के दौरान अपने संबोधन में आइएनएस के अध्यक्ष रवींद्र कुमार ने गुरुवार को कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक आवश्यक गुण है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षो के दौरान प्रिंट मीडिया ने कई संकटों का सामना करते हुए अपनी एक अलग पहचान बनाई हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रिंट मीडिया ने धैर्य के साथ सभी समस्याओं का सामना किया है।
इससे पहले राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी की हीरक जयंती का शुभारंभ करते हुए पेड न्यूज पर अपनी चिंता जाहिर की। यह कार्यक्रम नई दिल्ली में विज्ञान भवन में आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि आइएनएस की स्थापना 27 फरवरी 1939 को नई दिल्ली में इंडियन और ईस्टर्न न्यूजपेपर सोसाइटी के रूप में 14 सदस्यों द्वारा की गई थी। इस समय आइएनएस में हजार से भी ज्यादा सदस्य हैं। कुल 19 भाषाओं में इसका प्रकाशन और 7.1 करोड़ प्रतियों का वितरण होता है।