इटानगर, 17 फरवरी : सरकारी अधिकारियों के मीडिया विरोधी रवैये के खिलाफ और स्टूडेंट्स यूनियन मूवमेंट ऑफ अरुणाचल (सूमा) के साथ टकराव के डर से आज यहां तीसरे दिन भी सभी अखबारों का प्रकाशन बंद रहा।
अरुणाचल प्रेस क्लब और अरुणाचल प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने कैपिटल कांप्लेक्स के उपायुक्त मिगे कामकी को हटाने की मांग की है जिन्होंने कथित तौर पर सूमा को अंग्रेजी दैनिक अरुणाचल टाइम्स के खिलाफ धरना देने की इजाजत दी थी। अरुणाचल प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने सभी मीडिया संस्थानों को बेमियादी बंद करने का फैसला किया है।






