राजस्थान सहित देश भर में नेताओं का चरित्र सामने आने लगा है. कुछ रोज पूर्व भंवरी सीडी काण्ड ने राजनीति में भूचाल ला दिया था. इस बार इंडिया टुडे ने अपने ताज़ातरीन अंक में बाड़मेर जिले के एक विधायक की सीडी होने का राज खोला है. उच्च पदस्थ सूत्रों की माने तो इंडिया टुडे ने जो खुलासा किया है, उसकी सुई राजस्थान सरकार के दो मंत्रियों की तरफ घूम रही है. सूत्रों के अनुसार बाड़मेर जिले के विधायक के इसमें शामिल होने की खबरों के बाद बाड़मेर सहित राजस्थान भर में नेता के नाम का कयास लगाया जा रहा है.
बाड़मेर में नेता मीडियाकर्मियों से नाम के बारे में धडाधड पूछ रहे हैं. इस सीडी से एक बार फिर से राजस्थान की राजनीति में भूचाल आ गया है. सब जानना चाह रहे हैं कि आखिर इस सीडी में किस विधायक की रंगरेलियां कैद हैं. आखिर दूसरी भंवरी का सच क्या है? इस बात का खुलासा तो नहीं हुआ, मगर मीडिया जगत से जुड़े़ लोगों की जबान पर राजस्थान सरकार के दो मंत्रियों के नाम होने का दावा किया जा रहा है. बाड़मेर में हुए इस सनसनीखेज सीडी कांड की अफवाहों को समाचार पत्रों और न्यूज़ चैनलों के द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित करने के बाद अब नेता एक दूसरे को यह पूछ रहे हैं कि कही इस सीडी में वो तो नहीं हैं?





