मुंबई। पिछले 12 दिनों से जो इनसान सबसे ज्यादा सुर्खियों में बना हुआ है तो वह है आसाराम बापू। 16 साल की लड़की द्वारा बलात्कार के आरोप को झेल रहे आसाराम मंगलवार को इंदौर से सूरत जाते वक्त एक दफा फिर चर्चा में इससिए आ गए क्योंकि उड़ते जहाज में आसाराम के समर्थकों ने टीवी चैनल 'आजतक' के कैमरामैन पर अपना पंच चला दिया। आसाराम की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने रिपोर्टर को अपशब्द कहे, हाथापाई हुई, कैमरा गिरा दिया और देख लेने की धमकी दी। यदि विमान के क्रू मेंबर आकर मामले को शांत नहीं करते तो हो सकता था कि हवा में ही कोई अनहोनी हो जाती…
दअरसल एक नाबालिग लड़की द्वारा बलात्कार के गंभीर आरोप लगने के बाद आसाराम बापू इंदौर में अज्ञातवास बिताने आए थे, लेकिन मंगलवार के दिन वे पत्रकारों के सामने अपनी बात रखने के लिए आ गए। मीडिया ने उनका लाइव इंटरव्यू लिया। इस इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा कि वे अग्रिम जमानत नहीं लेंगे, उनके खिलाफ गंभीर साजिश रची जा रही है, उन्हें जो कुछ कहना है, वे कोर्ट के सामने कहेंगे। मीडिया के कई गंभीर सवालों का आसाराम ने या तो जवाब नहीं दिया या फिर उसे हंसी में गुम कर दिया। वे बार-बार घड़ी देख रहे थे और बता रहे थे कि उनके विमान में सवार होने का वक्त हो गया है।
आसाराम इंदौर से सूरत जाने के लिए विमान में सवार हुए। मुंबई में जब विमान आसमान में था, तब 'आजतक' के रिपोर्टर ने अपने कैमरामैन के साथ आसाराम से यह जानना चाहा कि उन पर लगे आरोप के बारे में वे क्या कहना चाहते हैं? सवाल का जवाब मिलता, उसके पहले ही विमान में मौजूद आसाराम की महिला ब्रिगेड ने मीडिया से बदतमीजी शुरू कर दी। कुछ ने कैमरे पर हाथ धर दिया ताकि कैमरा आसाराम को कैद नहीं कर सके। इस रोक के बाद भी कैमरा चालू था, जिससे यह पता चल रहा था कि आसाराम ने सवाल के जवाब में कुछ नहीं कहा…कुछ देर बाद मुंह पर कपड़ा रख लिया। वे पैर पसारे विमान की खिड़की में देखते रहे। मीडिया के साथ बदसलूकी जारी थी और आसाराम चुपचाप तमाशा देखते रहे। आसाराम का अगला कार्यक्रम सूरत में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर श्रीकृष्ण लीला रचाने का है…आसाराम की यह लीला रचती, उसके पहले ही हवा में एक नई लीला सामने आ गई, जिसकी वजह से वे फिर विवादों में घिर गए हैं। (वेबदुनिया न्यूज)