जैसी संभावना जताई जा रही थी आनंद बाजार पत्रिका (एबीपी) और स्टार समूह ने ऑफिसियली अपने अलग होने की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही दोनों समूहों के नौ साल के साथ का भी अंत हो गया. दोनों समूह संपादकीय तथा रणनीतिक मसलों को लेकर काफी समय से एक दूसरे से नाराज चल रहे थे. अब संयुक्त साझेदारी वाले तीन न्यूज चैनलों स्टार न्यूज, स्टार माझा तथा स्टार आनंद का संचालन अब एबीपी समूह करेगा. अब इन तीनों चैनलों का नाम एबीपी न्यूज, एबीपी माझा तथा एबीपी आनंद कर दिया जाएगा. ब्रांड नेम स्टार का इस्तेमाल अब एबीपी नहीं करेगा.
गौरतबल है कि लगभग नौ साल पहले 2003 में एबीपी एवं स्टार समूह ने संयुक्त रूप से मीडिया कंटेंट ऐंड कम्युनिकेशंस सर्विसेज इंडिया प्रा. लि. (एमसीसीएस) का गठन किया था. इसमें एबीपी का 74 फीसदी तथा स्टार समूह का 26 फीसदी हिस्सेदारी थी. एबीपी से स्टार से सारे शेयर खरीद लिए हैं. स्टार अब अपने ब्रांड को मनोरंजन चैनल की ओर लगाएगा. दूसरी तरफ एबीपी न्यूज पर ध्यान देगा और अपने चैनलों को ब्रांड के रूप में स्टेबलिश करने के लिए प्रमोट करेगा.





