: कालेज में वसूली और फीस के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के फुटेज डिलीट करने की मांग कर रहे थे कालेज प्रबंधक को मना करने पर करवाया हमला : कानपुर । पीएसआईटी इंजीनियरिंग कालेज के गुंडों ने टीवी रिपोर्टर सुनील गुप्ता और कैमरामैन विष्णु राठौर को जम कर पीटा। गंभीर रूप से घायल दोनों हैलट में भर्ती। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों समेत तमाम पत्रकार एफ़आइआर दर्ज करने पहुंचे सचेंडी थाने।
प्रेस क्लब अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार सरस बाजपेयी ने पुलिस-प्रशासन से अविलम्ब जांच और हमले के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीएसआईटी के छात्र कालेज में फीस मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं छात्रों ने कालेज प्रबंधन पर जबरन उगाही का भी आरोप लगाया है।
छात्र प्रदर्शन को कवर करने के-टीवी के रिपोर्टर सुनील कैमरामैन विष्णु के साथ पहुंचे। कवरेज के बाद उन्होंने अधिकारियों से कालेज डायरेक्टर का वर्जन लेने की बात कही। लेकिन डायरेक्टर के मीटिंग में बिजी होने की बात कहकर उनको लौटा दिया गया। लेकिन विष्णु और सुनील ने बताया कि लौटते वक्त अंदर से गेट बंद करके गार्डों ने उनको परिसर के अंदर ही घेर लिया और रिकॉर्ड की गयी छात्र प्रदर्शन की फुटेज और बाइट डिलीट करने का दबाव बनाने लगे। ऐसा करने से मना करने पर प्रबंधन के करीब 15 गुंडे और गार्ड आदि लाठी डंडे लेकर दोनों पर टूट पड़े। फिर जमकर कहर बरपाया। दोनों को बुरी तरह घेर कर मारा फिर उनकी बाइक और कैमरा भी तोड़ दिया।
किसी तरह जान बचाकर हाईवे तक पहुंचे दोनों पत्रकारों ने साथियों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों को फ़ोन पर सूचना दी। दोनों को हैलट में भर्ती कराया गया है। संचेंडी थाने में सभी पत्रकार प्रेस क्लब महामंत्री अवनीश दीक्षित एवं अन्य के साथ कालेज प्रबंधन के खिलाफ एफ़आइआर दर्ज करवाने पहुँच चुके हैं। चारों ओर पीएसआईटी प्रबंधन की इस गुंडागर्दी की जमकर आलोचना हो रही है। सभी ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। (साभार- लाइव कानपुर)





