मुंबई : मुंबई पुलिस वरिष्ठ पत्रकार जेडे की हत्या के मामले में गिरफ्तार महिला पत्रकार जिग्ना वोरा का नार्को टेस्ट नहीं करा सकेगी। वोरा इसके लिए तैयार नहीं हैं और इस आधार पर मुंबई की विशेष मकोका अदालत ने पुलिस की मांग खारिज कर दी है। मिड डे के इन्वेस्टीगेशन एडीटर जेडे की गत जून में हुई हत्या के आरोप में वोरा को पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार को अदालत ने जिग्ना की पुलिस रिमांड पांच दिसंबर तक बढ़ा दी है।
मुंबई की विशेष मकोका अदालत के जज एसएम मोडक के सामने अभियोजन पक्ष के वकील दिलीप शाह ने गुरुवार को जिग्ना की रिमांड आठ दिन बढ़ाने की अपील की थी। शाह ने बताया कि जेडे की हत्या के समय अंग्रेजी दैनिक में काम करने वाली जिग्ना जिस मोबाइल फोन का उपयोग कर रही थी, उसने वह बेच दिया है। पुलिस उस फोन की तलाश कर रही है। पुलिस ने छोटा राजन गिरोह के एक सदस्य पॉल्सन जोसेफ को कोर्ट की अनुमति से पुन: रिमांड पर ले लिया है। शक है कि जोसेफ ने छोटा राजन द्वारा भिजवाए 11 अंतरराष्ट्रीय सिमकार्ड एवं एक मोबाइल फोन वोरा को दिया था। इस हत्याकांड में छोटा राजन गिरोह के दस सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जिग्ना ग्यारहवीं आरोपी है। साभार : जागरण






