खबर है कि खबर भारती न्यूज चैनल से मैनेजिंग एडिटर पंकज शुक्ल ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने दो महीने पहले इस चैनल को ज्वाइन किया था. सूत्रों का कहना है कि ढेर सारे घपले-घोटाले-आरोपों में घिरे चैनल के मालिक बघेल से पंकज शुक्ल की अनबन हो गई थी, जिस कारण उन्होंने चैनल से हटने का फैसला किया. बताया जा रहा है कि प्रज्ञान भट्टाचार्या को चैनल का कामधाम सौंप दिया गया है.
भट्टाचार्या को एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनाकर चैनल में लाया गया है. इस बीच, खबर भारती चैनल में आंतरिक राजनीति चरम पर होने की खबर है. एक दूसरे को नीचा दिखाने और परेशान करने के लिए धमकी भरे फोन कॉल कराए जाने की खबरें भी हैं. सूत्रों के मुताबिक चैनल का मालिक बघेल जिस तरह से अपने यहां वरिष्ठ पत्रकारों को लाने और निकालने का काम शुरू कर चुके हैं, उससे अब वह खुद कई पत्रकारों को निशाने पर आ गए हैं. बघेल का कच्चा चिट्ठा तैयार करके सार्वजनिक किए जाने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है.





