खबर है कि नवीन जिंदल ने जी न्यूज के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की है. उन्होंने खुद के बारे में लगातार बकवास, झूठी, भ्रामक खबरों के प्रसारण के चलते ऐसा कदम उठाया है. कांग्रेसी नेता और संसद सदस्य नवीन जिंदल उद्योगपति भी हैं और जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के चेयरमैन हैं. नवीन जिंदल ने जी न्यूज पर कोड आफ कंडक्ट के उल्लंघन का आरोप लगाया है.
उन्होंने शिकायत में जी न्यूज, जी बिजनेस और जी यूपी-उत्तराखंड तीनों न्यूज चैनलों का उल्लेख किया है. उन्होंने शिकायती पत्र में लिखा है कि जी समूह के न्यूज चैनल उनके खिलाफ लगातार झूठी, मेनुपुलेटेड और मिसलीडिंग खबरें दिखा रहे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि वे कुरुक्षेत्र संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और ये चैनल उनके खिलाफ झूठी खबरें दिखा कर उन्हें चुनाव में हराना चाहते हैं.
जिंदल ने जी न्यूज के संपादकों द्वारा खबर रोकने के नाम पर पैसे मांगने की उस घटना का जिक्र भी किया जिसके कारण जी न्यूज के संपादक गिरफ्तार हुए और जेल गए. उसी घटनाक्रम के बाद जी ग्रुप बदले की भावना से जिंदल के खिलाफ लगातार खबरें दिखा रहा है. जिंदल ने चुनाव आयोग से जी न्यूज पर झूठी खबरें दिखाए जाने को लेकर रोक लगाने की मांग की है.





