कोलकाता : टीएमसी के राज्यसभा सांसद और शारदा ग्रुप के चैनल 10 के मुखिया और शारदा मीडिया समूह के सीईओ रहे कुणाल घोष के खिलाफ कोलकाता के पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कुणाल के अलावा कंपनी के चेयरमैन सुदीप्तो सेन समेत कई लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है। यह एफआईआर चैनल तथा अखबार में काम करने वाले कर्मचारियों की ओर से दर्ज कराई गई है।
चैनल के कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला और कई कर्मचारी तो ऐसे हैं, जिन्हें पिछले आठ महीने से पैसों का भुगतान नहीं किया गया है। चैनल 10 उसी शारदा ग्रुप का चैनल है, जिस पर चिट फंड के जरिये लाखों लोगों से ठगी का आरोप है। शारदा चिटफंड कंपनी के मालिक सुदीप्तो सेन के साथ दो अन्य आरोपियों को 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
गुरुवार को अदालत ने इनके सभी खातों को सीज करने का भी आदेश दिया है। साथ ही अदालत ने यह भी आदेश दिया है कि कंपनी देश में कहीं भी अपनी संपत्ति ट्रांसफर नहीं कर सकती और इस मामले में राज्य सरकार से भी हलफनामा देने को कहा है, वहीं राज्यभर में शारदा ग्रुप के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन जारी है। गुरुवार भी पश्चिम बंगाल और असम के कई हिस्सों में कंपनी की ठगी के शिकार लोगों ने प्रदर्शन किया।





