बुँदेलखण्ड क्षेत्र से जल्द ही 'बुंदेलखंड न्यूज़' नाम के हिंदी दैनिक का प्रकाशन शुरू होने जा रहा है। यह अखवार जालौन जनपद के उरई मुख्यालय से प्रकाशित किया जाएगा जो बारह पेज का रंगीन अखबार होगा, जिसका प्रकाशन दैनिक जागरण झाँसी एडिशन के पूर्व ब्यूरो चीफ मुकेश उदैनिया करने जा रहे हैं। यह अखबार उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र जालौन, झाँसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर, इटावा के अलावा मध्य प्रदेश के दतिया, भिंड में प्रसारित किया जायेगा।
अखबार में परम्परागत अखबारों से अलग आम आदमी को जोड़कर चलने की कोशिश की जाएगी। साथ ही बुंदेलखंड की समस्या को मुख्य रूप से उठाकर चलने की पहली प्राथमिकता होगी। जिससे सरकार तक बुंदेलखंड की समस्या से अवगत कराया जाये। इस अखबार का संपादन स्वयं मुकेश उदैनिया करेंगे। इसकी सारी तैयारिया कर ली गयी हैं और अखबार को आरएनआई द्वारा नंबर भी मिल चुका है। उम्मीद की जा रही है कि अखबार 15 अगस्त या फिर 5 सितम्बर को लांच किया जा सकता है। इसके लिए टीम भी खड़ी की जा चुकी है, जिसमें जागरण के रिपोर्टरों के अलावा, हिंदुस्तान, अमर उजाला के रिपोर्टर भी जुड़ गए हैं।