: पत्रकारों में रोष : झारखंड के रामगढ़ जिला में एक मीडियाकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाशों ने इस हत्याकांड को शनिवार की शाम को अंजाम दिया. एक निजी चैनल में कैमरामैन श्रीनिवास सोनकर अपने गोला रोड के पास स्थित अपने घर से निकले ही थे कि अज्ञात बदमाशों ने मीडियाकर्मी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी. गोली लगते ही श्रीनिवास नीचे गिर गए इसके बाद भी बदमाशों ने कई गोलियां उन पर चलाईं.
भरे पूरे बाजार में हुए इस हमले से दहशत मच गई. लोग फटाफट अपनी दुकानों को बंद करने लगे. कुछ देन बाद कुछ स्थानीय युवक हिम्मत करके श्रीनिवास को उठाकर सीसीएल अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हत्याकांड के बाद से ही लोगों में रोष है. पुलिस ने इस मामले में अमर साव और श्रवण कुमार को हिरासत में लिया है. इन दोनों पर ही हत्या को अंजाम दिलवाने का शक है. श्रीनिवास को पिछले कई दिन से धमकी दी जा रही थी. श्रीनिवास की हजारीबाग कोर्ट में अमर की पूर्व प्रेमिका के मामले में गवाही होनी थी. माना जा रहा है कि इसको रोकने के लिए श्रीनिवास की हत्या की गई है.
श्रीनिवास की हत्या से पूरा रामगढ़ शहर में उबाल है. स्थानीय लोगों के अलावा भाजपा कार्यकर्ता भी इस हत्या कांड के खिलाफ सड़क पर उतर आए. श्रीनिवास के बड़े भाई भाजपा से जुड़े हुए हैं. पत्रकारों ने हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. स्थानीय विधायक ने भी सात दिन में हत्यारों को गिरफ्त में लेने का अल्टीमेटम पुलिस को दिया है. इधर कुजू में पत्रकारों ने बैठक कर इस हत्याकांड की निंदा की तथा हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की. बैठक में राकेश कुमार पांडेय, जितेंद्र कुमार सिंह, राजेश्वर प्रसाद, राकेश रोशन 'रिक्की', आशीष मुखर्जी, रामदेव, मो.खालिद, संतोष विश्वकर्मा, मंटू सिंह, राजेश वर्मा, विक्की कुमार आदि मौजूद थे.






