नयी दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी में एक इस्राइली राजनयिक की कार पर हुए आतंकवादी हमले की मीडिया कवरेज से परेशान दिल्ली पुलिस ने ‘समाचार प्रसारण मानक प्राधिकरण’ एनबीएसए से शिकायत कर टीवी चैनलों को ‘असत्यापित और अपुष्ट’ सूचना प्रसारित करने से रोकने को कहा है. पुलिस ने किसी विशेष समाचार का जिक्र तो नहीं किया लेकिन उस वक्त और दोबारा इलेक्टानिक मीडिया के संवाददाताओं से अनुरोध किया कि वे आतंकवादी घटनाओं से जुड़े ममाले में कोई असत्यापित और अपुष्ट खबर प्रसारित नहीं करें.
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता एवं अतिरिक्त उपायुक्त राजन भगत ने एनबीएसए अध्यक्ष न्यायमूर्ति जेएस वर्मा को लिखे पत्र में कहा है, ..लेकिन इसे अनसुना कर दिया गया. वहीं, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें एनबीएसए से जवाब मिल चुका है, जिसमें कहा गया है इसे सभी सदस्य चैनलों को वितरित कर दिया गया है. प्रधानमंत्री आवास के पास 13 फ़रवरी को कार बम हमले की मीडिया कवरेज के मद्देनजर यह पत्र लिखा गया. गौरतलब है कि पिछले हफ्ते लिखे गए पत्र में भगत ने दावा किया था कि अधिकृत अधिकारी से सत्यापित कराए बिना गैर आधिकारिक और अपुष्ट खबरों का प्रसारण लोगों को सिर्फ़ गलत सूचना प्रदान करता है और उनके मन में भ्रम पैदा करता है. पत्र में कहा गया है कि यह जांच की प्रक्रिया को गंभीर रूप से बाधित भी करता है.
मीडियाकर्मी अक्सर शिकायत करते हैं कि पुलिस इस तरह की घटनाओं के बारे में पर्याप्त सूचना यह कहते हुए मुहैया नहीं कराती है कि इससे जांच कार्य पर असर पड़ेगा. साल की शुरूआत में दिल्ली पुलिस प्रमुख बीके गुप्ता ने कहा था कि किसी संदिग्ध के गिरफ्तार होने के बारे में खबर यदि लीक नहीं हुई होती तो वे इंडियन मुजाहिदीन के साथ शामिल कुछ और लोगों को गिरफ्तार कर लेते. उन्होंने कहा कि यदि वे आतंकवादी मामलों में सूचना साझा करते हैं तो वे सभी संदिग्धों को पकड़ने में सक्षम नहीं होंगे. साभार : प्रभात खबर





