दक्षिण भारत का कर्नाटक बेस्ड अंग्रेजी अखबार डेक्कन हेराल्ड ने आखिरकार अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार दिल्ली की धरती पर कदम रख ही दिया. 11 दिसम्बर से अखबार की लांचिंग दिल्ली में हो गई. बिना किसी हो हल्ला या धूमधड़ाके के, यहां तक की लांचिंग की सूचना के होर्डिंग भी नहीं लगाए गए. अखबार के लांचिंग इशु का कवर प्राइज पांच रुपये रखा गया है. अखबार का मेन एडिशन बीस पेज का है. आठ पेज का अतरिक्तांक भी संडे हेराल्ड के नाम से साथ में है.
दिल्ली एडिशन में चार दिन पाठकों को सप्लीमेंट दिए जाएंगे, जिनके नाम संडे हेराल्ड, लाइफ स्टाइल, मेट्रोलाइफ एवं लिविंग होगा. अखबार का प्रकाशन इंडियन एक्सप्रेस प्रेस, नोएडा से कराया जा रहा है. दिल्ली एडिशन में चार लोकल पेज होंगे, जिनमें स्थानीय खबरों को स्थान दिया जाएगा. उल्लेखनीय है कि अखबार को प्रकाशित करने वाली कंपनी 'द प्रिंटर्स (मैसूर) प्राइवेट लिमिटेड' ने अगस्त में ही कई अखबारों में विज्ञापन देकर दिल्ली में तमाम पदों के लिए आवेदन मांगा था, तभी से डेक्कन हेराल्ड की लांचिंग को लेकर कयास लगाए जाने लगे थे.
दिल्ली डेक्कन हेराल्ड का सातवां एडिशन है. 63 साल पुराना अखबार अब तक दक्षिण भारत की धरती पर धूम मचा रहा था. उत्तर भारत में यह इसका पहला कदम है. दिल्ली से पहले डेक्कन हेराल्ड कर्नाटक के बंगलुरू, मैसूर, हुबली, मंगलौर, गुलबर्ग और बेलुर से प्रकाशित हो रहा है. लगभग 1500 करोड़ की इस कंपनी को दिल्ली के बाजार में मुख्य रूप से दो बड़े खिलाडि़यों टाइम्स ऑफ इंडिया और हिंदुस्तान टाइम्स से निपटना होगा. इसके अलावा द हिंदू और द इंडियन एक्सप्रेस से भी डेक्कन हेराल्ड को कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है. ये चारो पुराने खिलाड़ी डेक्कन को इतनी आसानी से दिल्ली के बाजार में कब्जा नहीं जमाने देंगे.
बताया जा रहा है इसी बात को ध्यान में रखकर डेक्कन प्रबंधन नए स्ट्रेटजी तथा बिना किसी हो हल्ला के दिल्ली में कदम रखा है. पिछली आईआरएस रिजल्ट में दिल्ली के अंग्रेजी अखबार पाठकों की संख्या में 5.02 प्रतिशत की गिरावट को देखते हुए डेक्कन हेराल्ड का यहां के बाजार में आना इतना आसान नहीं होगा. कर्नाटक में यह अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के बाद 4.23 पाठकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है.






