इंडिया न्यूज जा पहुंचे दीपक चौरसिया ने कई न्यूज चैनलों में तोड़फोड़ शुरू कर दिया है. उनके निशाने पर आजतक, एबीपी न्यूज और इंडिया टीवी है. एबीपी न्यूज से तो दीपक के पीछे पीछे तीन लोग इस्तीफ दे चुके हैं. खबर है कि आजतक से भी एक ने इस्तीफा दे दिया है. एसोसिएट प्रोड्यूसर राघवेंद्र त्रिपाठी के बारे में सूचना है कि उन्होंने आजतक से इस्तीफा दे दिया है. वे करीब छह वर्षों से आजतक के साथ थे. वे सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में इंडिया न्यूज में जुड़ सकते हैं.
उधर, इंडिया टीवी से खबर आ रही है कि तीन साल से सेलरी न बढ़ने से खफा कई कर्मी चैनल का साथ छोड़ने की तैयारी में थे. इंडिया टीवी से पहले ही कई लोग दूसरे चैनलों में जा चुके हैं. कम सेलरी व ज्यादा काम के कारण इंडिया टीवी के कर्मियों की हालत खराब रहती है. ताजी सूचना के मुताबिक प्रबंधन ने इंडिया टीवी के कर्मियों की सेलरी बढ़ाने को लेकर मेल जारी करा दिया है. इससे अब इंडिया टीवी से किसी के टूटने की संभावना कम है.
माना जा रहा है कि इंडिया टीवी प्रबंधन ने अपने लोगों को टूटने से बचाने के लिए स्ट्रेटजिकली सेलरी बढ़ाने का दाव खेला है. वैसे भी पिछले तीन साल से इस चैनल में सेलरी न बढ़ने से लोगों में काफी रोष था. रजत शर्मा और विनोद कापड़ी अपनी झोली तो खूब भरते रहे और अपने अधीनस्थों का शोषण करते रहे. पर अब सेलरी बढ़ जाने से इंडिया टीवी कर्मियों में खुशी का माहौल है. देखना है कि सेलरी बढ़ने के बाद भी कोई इंडिया टीवी से टूटकर दीपक के पाले में जाता है या नहीं.





