पीलीभीत : दुष्कर्मी पिता की शिकार पीलीभीत की 'दामिनी' को इंसाफ दिलाने के लिए महिला संगठनों के स्वर मुखर हो गए है। एकमंच पर आई महिलाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग की। गोदावरी स्टेट में एकत्र हुई दर्जनों महिलाएं जुलूस की शक्ल में पहले डीएम कार्यालय पहुंची।
इसके बाद डीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर पुलिस लाइन पहुंची। यहां एसपी के न मिलने पर महिलाएं भड़क गई। उन्होनें पुलिस लाइन में ही पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सीओ जहानाबाद को भी महिलाओं ने निशाने पर लिया। सीओ सिटी का भी घेराव कर आरोपी पिता की गिरफ्तारी की मांग की । गिरफ्तारी न होने पर सड़क पर उतरकर विशाल आंदोलन की चेतावनी दी।
शहर की पॉश कॉलोनी में अशोक शर्मा नामक शख्स ने अपनी पुत्री के साथ दुष्कर्म की वारदात को चार वर्षो तक अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया। पर तीन दिन बीतने के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नही किया। जिससे सोमवार को महिला संगठन भड़क गए। गोदावरी स्टेट कॉलोनी की दर्जनों महिलाओं के अलावा जिला पंचायत सदस्य रमा गैरोला, अलका सिंह, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रेखा परिहार, कांग्रेस कमेटी की वसुंधरा सुरभि के नेतृत्व में जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करती हुई डीएम कार्यालय पहुंची। यहां उन्होनें ज्ञापन दिया। इसके बाद महिलाएं नारेबाजी करते हुए पुलिस लाइन पहुंची। यहां महिलाओं ने एसपी के न मिलने पर सीओ जहानाबाद से तीखी नोंकझोंक हुई। ज्ञापन देकर लौट रही महिलाओं ने कचहरी तिराहे पर सीओ सिटी का भी घेराव किया। दुष्कर्मी पिता की शीघ्र गिरफ्तारी न होने पर पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलने की भी चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में दीपशिखा गुप्ता, प्रमिला सिंह, संगीता चौहान समेत तमाम महिलाएं थी।





