नई दिल्ली से प्रकाशित राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक देशबन्धु ने अपने विस्तारीकरण की श्रृंखला में गाजियाबाद के राजनगर डिस्ट्रीक सेंटर (आरडीसी) में अपना प्रादेशिक कार्यालय खोल दिया है। इस कार्यालय से उत्तर प्रदेश उत्तराखंड तथा हरियाणा का आंशिक क्षेत्र संचालित होगा। इस कार्यालय की कमान अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार अशोक निर्वाण को सौंपी गयी है। श्री निर्वाण की नियुक्ति प्रादेशिक सम्पादक के पद पर हुई है। श्री निर्वाण देशबन्धु ज्वाइन करने से पहले दैनिक जागरण, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता, इंडियन एक्सप्रेस, यूनीवार्ता, बहुलाशी समाचार पत्र, अक्षर भारत तथा दैनिक प्रभात जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य कर चुके है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्षो का अनुभव रखने वाले श्री निर्वाण ने हाल में दैनिक प्रभात (गाजियाबाद संस्करण) के सम्पादक पद से त्यागपत्र देकर देशबन्धु ज्वाइन किया है। नई दिल्ली के अलावा देशबन्धु, रायपुर, विलासपुर, भोपाल, जबलपुर तथा सतना से भी प्रकाशित होता है। इस समूह के सफल प्रकाशन को 52 वर्ष हो चुके है। श्री निर्वाण के देशबन्धु ज्वाइन करने के बाद यह माना जा रहा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देशबन्धु को मजबूती प्रदान करने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण जिलो में योग्य तथा कर्मठ पत्रकारों को प्रबंध तंत्र अब शीघ्र नियुक्त करेगा।