दैनिक जागरण, नोएडा के सीनियर रीजनल मैनेजर राजीव राजा के बारे में सूचना है कि प्रबंधन ने इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है. चर्चा है कि राजीव राजा पर कुछ आरोप थे जिसके कारण उन्हें हटाया गया. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि राजीव राजा ने प्रबंधन के इशारे के बाद खुद इस्तीफा दे दिया, उन्हें निकाला नहीं गया है. दैनिक जागरण, नोएडा में लगातार उठापटक का दौर जारी है. निशिकांत ठाकुर, अरुण सिंह पहले ही अखबार छोड़ चुके हैं. अब राजीव राजा ने भी गुड बाय बोल दिया है.
उधर, चैनल वन न्यूज से खबर है कि मैनेजिंग एडिटर के पद पर ज्वाइन करने वाले नवीन पांडेय ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने सुदर्शन न्यूज़ के साथ नई पारी की शुरुआत की है. उन्हें सुदर्शन न्यूज में भी मैनेजिंग एडिटर बनाया गया है. वहीं, सेलरी न बढ़ाए जाने से नाराज सुदर्शन न्यूज के कई पुराने लोगों ने इस्तीफ़ा दे दिया है. खबर है कि गुजरात में सुदर्शन न्यूज़ ने अपना एक नया ऑफिस खोला है. वहाँ नमो चैनल में चैनल हेड रहे संजय दवे को गुजरात का हेड बनाया गया है. सुदर्शन न्यूज़ जल्द अपना नया धार्मिक चैनल साई टीवी भी लाने की तैयारी कर रहा है.
भड़ास को आप कुछ बताना, सुनाना चाहते हैं तो देर न करें, [email protected] पर मेल करें. भड़ास आपकी निजता और गोपनीयता की शर्त / इच्छा का सम्मान करता है.






