मुरादाबाद से खबर है कि परीक्षा केंद्र पर खबर के संकलन के लिए गये पत्रकारों पर जानलेवा हमला किया गया. जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को मुरादाबाद के पत्रकारों को सूचना मिली कि डिलारी थाना क्षेत्र के सहसपूरी में किसान शिक्षा निकेतन इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की परीक्षा के दौरान नकल कराई जा रही है. इस पर स्कूल की तरफ चल पड़े मुरादाबाद के ईटीवी पत्रकार भुवन चन्द्र और रफ़्तार चैनल के आलोक कुमार.
मौके पर पहुंचने के बाद वहां मौजूद छात्रों ने ही पत्रकारों के उपर धावा बोल दिया. पत्रकार जिस कार से गए थे, उसे तोड़ने के साथ ही उनके कैमरे भी तोड़ दिए गए. बड़ी मुश्किल से इन पत्रकारों ने मोबाइल पर पुलिस अधीक्षक को फोन कर सूचना दी जिसके बाद इन्हें बचाया जा सका. इस जानलेवा हमले में वहीं के एक शिक्षक का भी हाथ होने की आशंका है.






