लाहौर। पाकिस्तान की एक अदालत ने रियल इस्टेट उद्योगपति रियाज हुसैन से साक्षात्कार के मामले में दो टीवी एंकरों पर प्रतिबंध लगाने की मांग संबंधी रिट याचिका पर देश के इलेक्ट्रानिक मीडिया पर निगरानी रखने वाली संस्था को नोटिस जारी किया है। लाहौर हाई कोर्ट ने मलिक गुलाम मुस्तफा द्वारा दाखिल याचिका पर पाकिस्तान इलेक्ट्रानिक मीडिया नियामक प्राधिकरण (पीईएमआरए) के अध्यक्ष को नोटिस भेजा है।
याचिका में आरोप है कि दुनिया टीवी के एंकर मुबशीर लुकमान और महर बुखारी ने हुसैन का गलत तरह से इंटरव्यू लिया जिसमें उन्होंने उच्चतम न्यायालय में मामलों में दखल के लिए प्रधान न्यायाधीश के बेटे को 34.25 करोड़ रुपये देने की बात कबूली। मुस्तफा की दलील है कि दोनों एंकरों के इस कार्य से सर्वोच्च न्यायपालिका की छवि धूमिल हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह साक्षात्कार न्यायपालिका को बदनाम करने की कोशिश के लिहाज से किया गया। दो वीडियो के सामने आने के बाद से दोनों एंकर विवाद में घिर गये हैं।
इन वीडियो में दिखाया गया है कि पर्दे के पीछे एंकर रियल इस्टेट व्यापारी को सिखा रहे हैं और सवालों के बारे में बातचीत कर रहे हैं। एक वीडियो में दिखाया गया है कि लुकमान को प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बेटे का फोन आता है जो व्यापारी से भी बात करता है। मुस्तफा ने आरोप लगाया कि एंकर ब्लैकमेलिंग कर रहे थे और उन्होंने न केवल न्यायपालिका को बदनाम करना चाहा बल्कि देश को भी नुकसान पहुंचाया। याचिकाकर्ता ने अदालत से दोनों को तलब करने की मांग की ताकि साजिश के पीछे की सचाई सामने आ सके और उनके खिलाफ कार्रवाई हो।





