मध्य प्रदेश के बहुसंस्करणों वाले अखबार पीपुल्स समाचार के हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं. इस अखबार के मैगजीन के पेज घटा दिए गए हैं. माई लेडी, एजुकेशन करियर जैसे अतरिक्तांक संडे में मर्ज कर दिए गए हैं. मैगजीन के भी तीस से ज्यादा पेज कम कर दिए गए हैं. अखबार की आर्थिक स्थिति भी दयनीय हो चुकी है. पिछले काफी समय से पत्रकारों को समय से सेलरी नहीं मिल रही है. पीपुल्स समाचार के लगभग सभी यूनिटों का यही हाल है.
पीपुल्स समाचार, ग्वालियर में भी ऐसा ही हाल है. वहां भी बीच में खबर आई थी कि प्रबंधन ने इस यूनिट से जुड़े सभी ब्यूरो को सेलरी मोड से निकालकर कमिशन मोड में ला दिया गया है. प्रबंधन का कहना है कि वो सिर्फ पांच हजार देंगे बाकी का इंतजाम ब्यूरो को खुद करना होगा. बताया जा रहा है कि पीपुल्स समाचार के सभी यूनिटों की सेलरी लेट लतीफ चल रही है. भोपाल से खबर है कि इन्हीं परेशानियों के चलते मनोज राठौर और आदेश प्रताप भदौरिया ने इस्तीफा दे दिया है. मनोज जहां ईटीवी पहुंच गए हैं वहीं आदेश ने प्रदेश टुडे ज्वाइन कर लिया है. संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही कुछ और लोग संस्थान से विदा हो सकते हैं.





