उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चार युवकों ने फर्जी पत्रकार और स्पेशल पुलिस आफिसर बनकर एक महिला की अश्लील क्लिप बना ली और उससे दो लाख रुपये की मांग कर ब्लैकमेल करने लगे. डरी हुई महिला ने आरोपियों को तत्काल आठ हजार रुपये दे दिए, पर वे दो लाख रुपये की मांग करते रहे. पीड़ित महिला ने गाजियाबाद के विजयनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने बताया कि रविवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस को उनके पास से मोबाइल फोन और प्रेस लिखे कई फर्जी आईकार्ड मिले हैं.
जानकारी के अनुसार, प्रताप विहार (सेक्टर-11) निवासी एक महिला ने बीते 14 फरवरी को एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी. महिला का आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर उसकी अश्लील वीडियो क्लिप बना ली है और उसे ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं. महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने छानबीन कर सर्विलांस की मदद से रविवार की रात मेरठ निवासी इंद्र सिंह नागर, शत्रुघ्न सिंह, हापुड़ निवासी नौशाद और विजयनगर विनासी विकास पंडित को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके पास से एक स्पेशल पुलिस आफिसर और कई अखबारों के फर्जी आईकार्ड मिले. आरोपी विकास खुद को एसपीओ बता रहा था.





