पुणे, एजेंसी : प्रसिद्ध फिल्म पत्रकार और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के पूर्व अध्यक्ष बर्जर के करंजिया का शनिवार को निधन हो गया। यह जानकारी उनके एक पारिवारिक मित्र ने दी है। वह 92 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह किया जाएगा। करंजिया का शुक्रवार देर शाम निधन हुआ। वह अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। क्वेटा में पैदा हुए और पले-बढ़े करंजिया का परिवार विभाजन के बाद भारत आ गया था। क्वेटा इस समय पाकिस्तान का हिस्सा है।
करंजिया ने भारतीय लोक सेवा परीक्षा पास की थी। करंजिया ने दक्षिणी मुम्बई में स्थित अपने बंगले का नाम 'क्वेटा बंग्लो' रखा था, जो कि ऐतिहासिक जिन्ना हाउस से थोड़ी ही दूरी पर स्थित है। करंजिया के छोटे भाई रूसी के करंजिया भी प्रख्यात पत्रकार थे। उनका पांच वर्ष पहले ही निधन हो गया था। रूसी ने जहां खोजी पत्रकारिता को अपनाया था, वहीं करंजिया ने मनोरंजन और फिल्म पत्रकारिता को अपना करियर बनाया था। लेकिन वह फिल्मी पार्टियों से बचते थे और उससे बहुत दूरी बनाकर रखते थे।
कुछ समय तक संवाददाता के रूप में काम करने के बाद करंजिया ने फिल्मफेयर, स्क्रीन, सिने वॉयस, मूवी टाइम्स जैसी पत्रिकाओं का सम्पादन किया और मनोरजंन उद्योग पर कई सारी पुस्तकें लिखी। करंजिया ने फिल्म्स फाइनैंसिंग कॉरपोरेशन की स्थापना की थी। बाद में वह एनएफडीसी के अध्यक्ष बने और उन्होंने बड़े फिल्म निर्माताओं को आर्थिक मदद मुहैया कराने के बदले, नए व प्रतिभावान फिल्म निर्माताओं के लिए उच्च गुणवत्ता व कम बजट वाली फिल्मों को फाइनैंस करने का एक अनूठा उदाहरण पेश किया। करंजिया का अंतिम संस्कार रविवार सुबह कोरेगांव पार्क श्मशान में होगा।






