रेलवे घूसकांड में बुरी तरह फंसते नजर आ रहे रेल मंत्री पवन बंसल अब बचने के लिए टोने-टोटके का सहारा ले रहे हैं. शुक्रवार को पवन बंसल के घर के बाहर एक बकरे को देखा गया. बंसल की पत्नी ने बकरे की पूजा भी की. माना जा रहा है बकरे की बलि देकर पवन बंसल खुद घूसखोरी कांड में बलि का बकरा बनने से बचना चाह रहे हैं. बंसल का हाथ अपनी ही पार्टी ने छोड़ दिया है. ऐसे में उन्हें टोटके का सहारा लेना ही पड़ रहा है. लेकिन क्या बकरे की पूजा से बच सकेगी बंसल साहब की कुर्सी, ये देखना काफी दिलचस्प होगा.
वहीं बीजेपी ने 'बकरा कांड' पर चुटकी लेते हुए कहा कि गलती कांग्रेस करे और सजा बकरा भुगते. बीजेपी नेता शहनवाज हुसैन ने कहा कि गलती करे कांग्रेस और जान जाए बकरे की? कितना भी टोना टोटका कर लें, वो बचने वाले नहीं. ये किसी और का इल्जाम नहीं, बल्कि सरकार की 'अपनी' सीबीआई का इल्जाम है. अश्विनी और बंसल कितना भी टोटका करें बचने वाले नहीं.' अब देखना होगा कि बकरा की बलि चढ़ाकर बंसल बच पाते हैं या नहीं.





