नई दिल्ली। भाजपा ने प्रेस परिषद के अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू की बिहार सरकार के खिलाफ टिप्पणियों पर आपत्तिजताते हुए उन्हें संयमित भाषा इस्तेमाल करने और पद की मर्यादा बनाए रखने की सलाह दी है। काटजू ने हाल में बिहार में प्रेस की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े किए थे। पार्टी महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि काटजू को नतीजे पर पहुंचने से पहले अपनी टीम की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।
प्रसाद ने कहा कि भाजपा प्रेस परिषद का सम्मान करती है। हमने भी प्रेस की आजादी की लड़ाई लड़ी है। काटजू को समझाना चाहिए कि प्रेस परिषद के अध्यक्ष का पद गरिमामय है, जिसके साथ काफी संवेदनाएं भी जुड़ी हैं। बिहार सरकार के बारे में उनकी टिप्पणियां उचित नहीं है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में वहां की सरकार के कामकाज की देश-विदेश में सराहना हो रही है। तमाम मीडिया चैनलों एवं संगठनों ने नीतीश को सर्वोत्ताम मुख्यमंत्री घोषित किया है।
प्रसाद ने कहा कि काटजू ने जब इस मामले में खुद की एक जांच समिति बनाई है, तो उसकी रिपोर्ट का भी इंतजार करना चाहिए। इसके पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर बिहार सरकार के खिलाफ कोई शिकायत है तो वह प्रायोजित भी हो सकती है। साभार : जागरण






