मुरादाबाद शहर से हिंदुस्तान अखबार की लांचिंग शीघ्र ही होने वाली है. कोई 20 फरवरी लांचिंग डेट बता रहा है तो कोई 24 फरवरी कह रहा है. लेकिन लांचिंग के पहले ही विवाद शुरू हो गए हैं. सूत्रों के मुताबिक पहला विवाद स्ट्रिंगरों को लेकर है. बताया जाता है कि मुरादाबाद यूनिट में हिंदुस्तान की दूसरी यूनिटों की अपेक्षा बहुत ज्यादा स्ट्रिंगर रखे गए हैं. एडिटोरियल हेड बनाए गए मनीष मिश्रा ने स्ट्रिंगरों का जो वेतन तय किया था, एचआर हेड शहबर ने उसे रोकते हुए स्ट्रिंगरों की संख्या और उनके वेतन में कटौती का मेल जारी कर दिया है. इस कारण मनीष के साथ ही रामपुर, जेपीनगर और भीमनगर के ब्यूरो इंचार्ज परेशान हैं.
दूसरा विवाद वेस्ट यूपी के एडिटोरियल हेड केके उपाध्याय और मनीष मिश्रा के बीच शुरू हुआ है. केके ने अपने खास आदमी चीफ सब एडिटर अमित गुप्ता को आगरा से मुरादाबाद पोस्ट कर दिया है. अमित गोरखपुर में केके के साथ थे. वहां से बरेली आये और जब केके आगरा गए तो अमित को भी आगरा ले गए. केके ने एडिटोरियल में गोरखपुर से लाकर अपने लोग भर्ती करने शुरू किए तो इससे मनीष नाराज हो गए. मुरादाबाद में चार लड़कियां रखी गई हैं जिनमें दो गोरखपुर में और एक बरेली में केके के साथ काम कर चुकी हैं. बताया जा रहा है कि मनीष ने केके को लेकर शशि शेखर से भी बात की थी. देखना है कि यह विवाद कौन सा मोड़ लेता है. फिलहाल मुरादाबाद यूनिट में लांचिंग से पहले आंतरिक शीतयुद्ध शुरू हो चुका है.






