गाजियाबाद जिले के सिहानी गेट कोतवाली क्षेत्र में स्थानीय दैनिक अखबार के पत्रकार पर एक होटल के मालिक और उसके स्टाफ ने हमला कर दिया। हमले में पत्रकार गंभीर रुप से घायल हो गया। खबर मिलते ही शहर में कार्यरत अन्य पत्रकार घटनास्थल पर पहुंच गए। इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक दैनिक युग करवट के पत्रकार मुकेश सिंघल एक खबर को लेकर थाना क्षेत्र स्थित होटल मेट्रो पहुंचे। उनके पास सूचना थी कि मंगलवार रात को अज्ञातों द्वारा शराब पीकर होटल पर हंगामा किया गया था। इस खबर की पुष्टि के लिए मुकेश होटल पहुंचे थे, जहां उन पर हमला किया गया। मुकेश सिंघल ने बताया कि होटल मालिक की मौजूदगी में उन पर डंडों से हमला किया गया। सूचना मिलने पर महानगर के सभी पत्रकार होटल पहुंच गए लेकिन तब तक आरोपी भागने में सफल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल के कुछ स्टाफ को भी हिरासत में लिया और मुकेश सिंघल को मेडिकल जांच के लिए भेजा। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी।
दूसरी तरफ देवरिया के लार विकास खड के ग्राम सजांव में पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने रविवार की रात मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। उल्लेखनीय है कि सजांव निवासी पत्रकार शैलेश कुमार उपाध्याय अपने दरवाजे पर सोए थे। इसी बीच उन्हें मोबाइल पर धमकी मिली तथा कुछ ही देर बाद कई लोग उनके दरवाजे पर पहुंच गए। शैलेश कुछ समझते उसके पहले ही बदमाशों ने उनपर लक्ष्य करके गोली दाग दी। गनीमत रही कि निशाना चूक गया और गोली उनको नहीं लगी।
इस मामले में शैलेश ने पुरानी रंजिश बताते हुए दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ थाने में रविवार को तहरीर दी। देर रात लार पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के ही टुनटुन दुबे, अजय दुबे तथा दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास व धमकी देने का मुकदमा पंजीकृत किया। इस बाबत क्षेत्राधिकारी रमाशंकर रावत ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





