लखनऊ। टूंडला में सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सासद प्रो. रामगोपाल यादव शनिवार को फिर मंच से मीडिया पर बरसे। जनसभा में उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं को चुनाव तक टीवी तथा अखबार से दूर रहने की सलाह दी। सपा प्रत्याशी अक्षय यादव के कार्यालय के शुभारंभ समारोह में उन्होंने कहा कि चैनल रुपए लेकर किसी को भी आगे पीछे कर देते हैं। मीडिया के मालिक व वरिष्ठ पत्रकार हमारे आदमी नहीं हैं। इसलिए चुनाव तक सिर्फ पिक्चर व गाने सुनना।
रामगोपाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको हतोत्साहित करने को झूठी खबरें चलाएंगे। डॉक्टरों की हड़ताल पर मुलायम सिंह के बयान का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि हर रोज लखनऊ में औसतन दस- बारह लोग इलाज के दौरान मरते हैं। इसमें नई बात कौन सी है, लेकिन मीडिया ने सपा सरकार को बदनाम करने के लिए झूठी खबरें दिखाई। साथ ही नेताजी के बयान को भी गलत दिखाया।






