ललितपुर : ललितपुर में राजनीतिक हलचल तेज है. आचार संहिता के उल्लंघन के मामले के बीच एक अखबार में कांग्रेस प्रत्याशी खिलाफ खबरें छपने को लेकर कई तरह की चर्चाएं गरम हैं. ललितपुर में राहुल गांधी की जनसभा होनी थी, इसको देखते हुए कांग्रेसियों ने रातोंरात तुवन मंदिर से लेकर जिला पंचायत कार्यालय तक की पूरी सड़क कांग्रेस के झंडे, बैनर, पोस्टर से पाट दिया था. प्रशासन ने इसे आचार संहिता उल्लंघन का मामला मानते हुए कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह बुंदेला के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया तथा झंडा-बैनर व पोस्टर को जब्त कर लिया.
जिलाधिकारी निधि केसरवानी के निर्देश पर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अवनींद्र कुमार ने इस मामले में अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. अभी वीरेंद्र सिंह बुंदेला के खिलाफ यह मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि ललितपुर से प्रकाशित स्थानीय समाचार पत्र ललित आवाज के संपादक संजय ताम्रकर ने राहुल गांधी की जनसभा के दौरान अखबार की प्रतियां बंटवानी शुरू कर दी. इसमें बुंदेला का आपराधिक रिकार्ड बताते हुए समाचार प्रकाशित किया गया था. इसी बीच कुछ युवकों ने राहुल गांधी को काले झंडे भी दिखाए. इस गहमागहमी के बीच ललित आवाज में प्रकाशित खबर को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं. कुछ लोग इसे पेड न्यूज मान रहे हैं, जिसके तहत अपनी छवि अच्छी न दिखाते हुए दूसरे की दागदार छवि के बारे में जनता को बताया जा रहा है. खैर, वास्तविकता चाहे जो हो, पर इस खबर के बाद पत्रकारीय मानक जरूर टूटा है. इस अखबार में कांग्रेस के खिलाफ समाचार तथा भ्रष्ट नीतियों का भी एकतरफा प्रचार किया गया है. जिससे पेड न्यूज की आशंका को बल मिल रहा है.
ललितपुर से शैलेंद्र पराशर की रिपोर्ट.





