पठानकोट : शुक्रवार देर रात अपने दफ्तर से घर जा रहे एक पत्रकार से कार सवार लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर 18 हजार रुपये तथा मोबाइल लूट लिए। पत्रकार ने इस संदर्भ में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। उसने बताया कि विगत रात्रि वह पठानकोट स्थित अपने कार्यालय से दीनानगर के समीप स्थित अपने गांव धमराई जा रहा था तो रास्ते में समुचक्क के निकट कार में सवार पांच लोगों में से एक युवक निकला तथा उनसे रास्ता पूछने के लिए उन्हें रुकने का इशारा किया।
सफेद रंग की इंडिका कार से निकले उक्त युवक ने बाहर आते ही उनके पेट पर एक देसी रिवाल्वर लगा दी तथा जेब में रखा सारा सामान बाहर निकालने को कहा। कार में सवार अन्य तीन युवकों ने उनकी जेब में रखे 18 हजार रुपये, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड तथा मोबाइल छीन लिया। इस दौरान उनके गांव का ही एक होमगार्ड जवान करनैल सिंह ड्यूटी से बाइक से अपने घर जा रहा था तो उक्त युवक उस पर भी टूट पड़े। जैसे ही होमगार्ड जवान वहां से भागना चाहा तो उसे पकड़ कर युवकों ने उस पर उसके हेलमेट से ही बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया, पर वह उनके चंगुल से भाग निकलने में सफल रहा। घटना की शिकायत थाने में की गई है।





