लाइव इंडिया न्यूज चैनल से बड़ी खबर है कि सुधीर चौधरी ने इस्तीफा दे दिया है. वरिष्ठ पत्रकार तथा चैनल के एडिटर इन चीफ रहे सुधीर चौधरी का इस्तीफा चैनल के सामने और मुश्किल ला सकती है. सुधीर पिछले पांच सालों से चैनल के साथ जुड़े हुए थे तथा इसे अहम पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था. इंडिया टीवी के एक्जीक्यूटिव एडिटर के पद से इस्तीफा देकर सुधीर ने लाइव इंडिया ज्वाइन किया था. हालांकि उस समय यह चैनल जनमत के नाम से जाना जाता था तथा इसका स्वामित्व अधिकारी ब्रदर्स के पास था.
बाद में कानूनी पचड़ों के चलते जनमत का नाम बदलकर लाइव इंडिया कर दिया गया. इसके बाद अधिकारी ब्रदर्स ने भी इस चैनल को एक बिल्डर कंपनी एचडीआईएल को बेच दिया. सुधीर चौधरी ने लाइव इंडिया को मजबूत मुकाम देते हुए देश के टॉप थ्री चैनलों की लिस्ट में पहुंचा दिया था. हालांकि बाद में यह चैनल अपने तेवर को बरकरार नहीं रख पाया. आर्थिक तथा अन्य दिक्कतों के चलते चैनल रसातल में चला गया. इस चैनल को पुणे की एक कंपनी ने खरीद लिया है. कर्मचारियों को भी पिछले काफी समय से सैलरी नहीं मिली है. सुधीर अपनी नई पारी कहां से शुरू करेंगे इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.





