राजकुमार शर्मा का अमर उजाला, नोएडा में मन नहीं लगा. उन्हें अपने पुराने संस्थान की ऐसी याद आई कि वो अमर उजाला का खूंटा तुड़ाकर फिर से हिंदुस्तान, आगरा के पाले में चले गए. राजकुमार अभी कुछ हफ्तों पहले ही अमर उजाला, नोएडा के हिस्से बने थे. हिंदुस्तान, आगरा में कार्यरत रहे राजकुमार शर्मा ने संपादक पुष्पेंद्र शर्मा से खुन्नस के बाद इस्तीफा देकर नई पारी की शुरुआत अमर उजाला के साथ की. पर पुष्पेंद्र ने दुबारा ऐसा चारा फेंका कि राजकुमार शर्मा आगरा हिंदुस्तान लौट आए.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हिन्दुस्तान की आगरा यूनिट में चीफ सब एडिटर राजकुमार शर्मा दो साल से हिन्दुस्तान का विकल्प तलाश रहे थे. हिन्दुस्तान आगरा के नरक से खुद को निकालने के लिए वह पत्रिकारिता की दुनिया के एक पुरोधा से पुष्पेन्द्र शर्मा के उत्पीडन की दुहाई देकर कहीं सेटिल कराने की गुहार लगाते रहे. पुष्पेन्द्र शर्मा की हर स्तर की करतूत से वाकिफ उन सज्जन व्यक्ति को राजकुमार पर दया आ गई और उसकी मदद कर दी. राजकुमार ने अमर उजाला नोयडा में कई दिन तक प्रशिक्षण भी लिया. चर्चा है कि इसी बीच आगरा हिन्दुस्तान से लगातार होते पलायन से परेशान हिन्दुस्तान के शीर्ष प्रबंधन ने पुष्पेन्द्र शर्मा की बैंड बजाई तो पुष्पेन्द्र शर्मा ने राजकुमार को पुचकारते हुए चारा डाल दिया. राजकुमार यह चारा चबाते हुए पुष्पेन्द्र शर्मा की गोदी में बैठ गए हैं. वह यह भी भूल गए कि अमर उजाला के हजारों रुपये अपने प्रशिक्षण पर खर्च करा चुके हैं. राजकुमार की यह दगाबाजी आगरा की मीडिया में चर्चा का विषय बनी हुई है.





