दैनिक जागरण, जालंधर से खबर है कि दो रिपोर्टरों ने प्रबंधन द्वारा विज्ञापन लाने का दबाव लगातार डाले जाने से दुखी होकर इस्तीफा दे दिया है. इन रिपोर्टरों के नाम हैं निखिल शर्मा और देवेंद्र सिंह. निखिल क्राइम रिपोर्टर थे. सूत्रों के मुताबिक जालंधर में स्थानीय प्रबंधन पूरी तरह से मनमानी पर उतारू है. रिपोर्टरों पर विज्ञापन लाने का दबाव बनाया जाता है. इसके जरिए मंशा यह होती है कि ज्यादा एड रेवेन्यू दिखाकर स्थानीय प्रबंधन के लोग जागरण के मालिकों की नजर में हीरो बन सकें.
पेड न्यूज के लिए बेहद बदनाम रहे दैनिक जागरण से दो रिपोर्टरों का यह कहकर नौकरी छोड़ना कि विज्ञापन लाने का दबाव डाला जाता है, बेहद गंभीर बात है. इस्तीफा देने वाले रिपोर्टरों ने मालिकों को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण का खुलासा किया है. उल्लेखनीय है कि हाल में ही दैनिक जागरण, जालंधर में स्थानीय प्रबंधन में वरिष्ठ पद पर तैनात एक शख्स को फर्जीवाड़ा के आरोप में यूनिट बदर कर दिया गया.
यह शख्स दैनिक जागरण, नोएडा में वरिष्ठ पद पर बैठे एक प्रबंधक का रिश्तेदार बताया जाता है. अब दो रिपोर्टरों ने इस्तीफा देकर दैनिक जागरण, जालंधर की अंदरुनी खराब हालत को उजागर कर दिया है. बताया जाता है कि जालंधर से एक नया अखबार 'नया सबेरा' के नाम से शुरू होने वाला है जिसमें दैनिक जागरण के कई पत्रकार जा सकते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि दैनिक जागरण में काम करने वालों को दुख दिया जाता है और जो कुर्सी तोड़ते हैं व झूठ बोलते हैं, वे चैन की बंशी बजाते हैं.
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित





