: पत्रकार सम्मेलन एवं पत्रकार परिवार मिलन समारोह : एमपी के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रतिस्पर्धा के मौजूदा दौर में पत्रकारिता अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। पत्रकारों का दायित्व भी बढ़ गया है। पत्रकार लोकतंत्र के प्रहरी हैं, इसलिए उन्हें हमेशा सजग रहना चाहिए। श्री चौहान कल यहाँ मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मेलन एवं पत्रकार परिवार मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री निवास में शीघ्र ही पत्रकार पंचायत बुलाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विकास में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार की आलोचना मीडिया का दायित्व है, लेकिन विकास संबंधी गतिविधियों को भी मीडिया में जगह मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों की जिंदगी कठिनाई भरी होती है। खबरों के संकलन की जद्दोजहद में वे परिवार को भी पर्याप्त समय नहीं दे पाते हैं। उन्होंने पत्रकारों द्वारा उनके और उनके परिजनों की बीमारी के इलाज के लिए उचित व्यवस्था की मांग पर कहा कि राज्य शासन पत्रकारों के परिजनों की हर संभावित व्यवस्था करेगी। इसके लिए यदि जनसंपर्क विभाग की पत्रकार सहायता नीति में बदलाव करना पड़ा तो वह भी किया जायेगा। मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान निधि से भी चिकित्सा व्यवस्था के लिए राशि दी जायेगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री सुशील तिवारी, श्री विभूति शर्मा, श्री यू.डी. मिश्रा, श्री दिनेश पाठक, श्री चैतन्य भट्ट और श्री विप्लव अग्रवाल को स्मृति चिन्ह और शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की ओर से श्री कैलाश अग्रवाल ने अभिनंदन पत्र, शाल-श्रीफल भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। संघ ने पशुपालन मंत्री श्री विश्नोई व महापौर श्री प्रभात साहू तथा श्री कैलाश अग्रवाल, स्टेट बार कौंसिल ऑफ मध्यप्रदेश के अध्यक्ष श्री शिवेन्द्र उपाध्याय, श्री आदर्श मुनि त्रिवेदी को भी अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया।
पशुपालन मंत्री श्री विश्नोई और महापौर प्रभात साहू ने भी संबोधित किया। श्री कैलाश अग्रवाल ने प्रेस क्लब के लिए अपने पत्र समूह की ओर से पांच लाख रूपए देने की बात कही। सम्मेलन का संचालन नगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री गंगाचरण मिश्रा ने किया। इस अवसर पर म.प्र. श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश महासचिव श्री नलिनकांत वाजपेयी, संभागीय अध्यक्ष श्री परमानंद तिवारी, श्री रफीक खान,युवा प्रकोष्ठ के संभागीय अध्यक्ष राजेश विश्वकर्मा (पिंटू) सहित प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के पदाधिकारी व पत्रकारगण में मौजूद थे।

एक पत्रकार को सम्मानित करते सीएम

सीएम का स्वागत करते पत्रकार






