दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़) : समाचार प्रकाशन के बाद पत्रकार से दुर्व्यवहार करने वाले दंतेवाड़ा विधायक भीमा मण्डावी के खिलाफ पुलिस में शिकायत की गई है। श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से भी मामले की शिकायत की जा रही है। दंतेवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार और श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष यशवंत यादव के साथ विधायक श्री मण्डावी ने रविवार 23 जून की रात 10 बजकर 13 मिनट पर अपने मोबाईल नंबर 9425267900 से कॉल कर गाली-गलौज किया, जान से मारने की धमकी दी और दंतेवाड़ा में नहीं रहने देने की चेतावनी दी।
विधायक श्री मण्डावी 22 जून को दंतेवाड़ा की राजनीतिक स्थिति पर प्रकाशित समाचार से बिफरे हुए थे। विधायक द्वारा दुर्व्यवहार की जानकारी भाजपा संगठन के जिलाध्यक्ष नवीन विश्वकर्मा और पर्यटन बोर्ड उपाध्यक्ष विजय तिवारी को भी दी गई।
इस संबंध में दोनों पदाधिकारियों ने विधायक से चर्चा करने की बात कही। इधर दुर्व्यवहार के शिकार पत्रकार ने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत एसपी दंतेवाड़ा से की है साथ ही मामले से लिखित रूप में मुख्यमंत्री रमन सिंह के साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राम सेवक पैकरा और संगठन मंत्री राम प्रताप सिंह को भी अवगत कराया है।
इधर जानकारी यह भी मिली है कि विधायक द्वारा पत्रकार पर नक्सलियों के नाम से वसूली तथा अन्य गंभीर और झूठे आरोप भी लगाएं जा रहे हैं। यह पहला मौका है जब किसी समाचार को लेकर एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि द्वारा पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार किया गया है। श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने घटना को गंभीर मानते हुए उचित कदम उठाने की बात भी कही है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रदेश के पत्रकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दावा कर रहे हैं और पत्रकारों को निर्भय होकर कार्य करने की सीख दे रहे हैं।






