गाजियाबाद पुलिस में तैनात पत्नी से मिलकर रुड़की लौट रहे बाइक सवार एक पत्रकार की रोडवेज बस की टक्कर से मौत हो गई। घटना से परिवार में हाहाकार मच गया। पुलिस ने मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। थाना शाहपुर के गांव किनौनी निवासी चांदवीर सिंह पुत्र ब्रजपाल कई साल से रुड़की में दैनिक हिंदुस्तान में कार्यरत थे।
चांदवीर की पत्नी प्रीति गाजियाबाद में यूपी पुलिस में तैनात है। उनकी शादी एक साल पहले हुई थी। चांदवीर शनिवार सुबह पत्नी से मिलकर गाजियाबाद से रुड़की के लिए पल्सर यूके 08 के 365 से लौट रहे थे। दोपहर में पुरकाजी खड़कावाला बाग के निकट रोडवेज की मुजफ्फरनगर डिपो की बस संख्या यूपी 12 एटी 0708 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। चचेरे भाई सतेंद्र पुत्र सुरेंद्र ने रोडवेज चालक के खिलाफ तहरीर दी है।






