हिंदुस्तान में कई संपादकों के बदलाव की बड़ी सूचनाएं मिल रही हैं. हालांकि सूत्र अभी इन्हें आधिकारिक रूप से पुष्ट नहीं कर रहे हैं, पर इन बदलावों को तय माना जा रहा है. जो चर्चाएं हैं उसके अनुसार हिंदुस्तान, मेरठ के संपादक पुष्पेंद्र शर्मा को आगरा भेजा जाने वाला है. पुष्पेंद्र की जगह अमर उजाला, मेरठ के संपादक रह चुके वरिष्ठ पत्रकार सूर्यकांत द्विवेदी को उनकी जगह नया संपादक बनाए जाने की चर्चा है. वहीं आगरा के संपादक तथा वरिष्ठ पत्रकार केके उपाध्याय के बारे में कहा जा रहा है कि प्रबंधन उनके कामों से खुश हैं. उनके निर्देशन में पश्चिमी यूपी की कई यूनिटें लांच की गई हैं.
केके उपाध्याय के बारे में दो तरह की चर्चाएं हैं. पहला यह कि उनके काम को देखते हुए उन्हें पूरे पश्चिमी यूपी का हेड बनाया जा सकता है. उनको लेकर दूसरी चर्चा यह है कि उन्हें बिहार का स्टेट हेड बनाया जाने वाला है. अब तक बिहार में स्टेट हेड की जिम्मेदारी निभा रहे अकु श्रीवास्तव को दिल्ली बुलाया जा सकता है. हालांकि हिंदुस्तान के वरिष्ठ लोग इन सूचनाओं को सही तो मान रहे हैं पर आधिकारिक रूप से कहने से बच रहे हैं. बताया जा रहा है कि अकु श्रीवास्तव और बिहार सरकार की ट्यूनिंग खराब हो गई है, जिसके चलते उन्हें दिल्ली बुलाए जाने की संभावना है. उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में चीजें साफ हो जाएंगी.





