चर्चा है कि भास्कर समाचार समूह के संस्थापक स्वर्गीय श्री डी.पी. अग्रवाल की पुत्री श्रीमती हेमलता अग्रवाल अब 'भास्कर न्यूज़' के नाम से समाचार एजेन्सी की शुरुआत करने जा रही हैं। ये एजेन्सी प्रिन्ट और इलेक्ट्रानिक मीडिया क्षेत्र में काम शुरू कर रही है। कहा जा रहा है कि एजेन्सी शुरू होने के कुछ माह बाद 'भास्कर न्यूज़ चैनल' भी लांच किए जाने की तैयारी है।
चैनल का निदेशक और सीईओ राहुल मित्तल को बनाया गया है। ये राहुल मित्तल पहले मेरठ में पत्रकार हुआ करते थे। अब दिल्ली आ गए हैं। इस समाचार एजेंसी और चैनल का आफिस ए-147, सेक्टर-63, नोएडा में बनाया गया है। यह आफिस 7 अक्टूबर से काम शुरू कर देगा। उधर, कुछ लोगों का कहना है कि यह सारा उपक्रम लोकसभा चुनाव को ध्यान में रख कर किया जा रहा है।
यह भी कहा जा रहा है कि 'भास्कर' नाम से समाचार एजेंसी और चैनल शुरू करने पर कानूनी विवाद भी होने की आशंका है क्योंकि भास्कर को लेकर इसके मालिकों के बीच लंबे समय से अदालती लड़ाई चल रही है। फिलहाल लगातार छंटनी, बंदी के दौर में एक और समाचार एजेंसी व चैनल खुलने से आम मीडियाकर्मियों को लाभ मिल सकता है, यह उम्मीद की जा सकती है।
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.






