भोपाल : हिंदी की साहित्यिक पत्रकारिता को सम्मानित किए जाने के लिए दिया जाने वाला पं. बृजलाल द्विवेदी अखिल भारतीय साहित्यिक पत्रकारिता सम्मान इस वर्ष ‘व्यंग्य यात्रा’ (दिल्ली) के संपादक डॉ. प्रेम जनमेजय को दिया जाएगा. डॉ. प्रेम जनमेजय साहित्यिक पत्रकारिता के एक महत्वपूर्ण हस्ताक्षर होने के साथ-साथ देश के जाने-माने व्यंग्यकार एवं लेखक भी हैं. वे पिछले नौ वर्षों से व्यंग्य विधा पर केंद्रित महत्वपूर्ण पत्रिका ‘व्यंग्य यात्रा’ का संपादन कर रहे हैं.
पुरस्कार के निर्णायक मंडल में सर्वश्री विश्वनाथ सचदेव, रमेश नैयर, डॉ. सच्चिदानंद जोशी, डॉ. सुभद्रा राठौर और जयप्रकाश मानस शामिल हैं. इसके पूर्व यह सम्मान वीणा (इंदौर) के संपादक स्व. श्यामसुंदर व्यास, दस्तावेज (गोरखपुर) के संपादक विश्वनाथ प्रसाद तिवारी, कथादेश (दिल्ली) के संपादक हरिनारायण, अक्सर (जयपुर) के संपादक डॉ. हेतु भारद्वाज और सद्भावना दर्पण (रायपुर) के संपादक गिरीश पंकज को दिया जा चुका है. त्रैमासिक पत्रिका ‘मीडिया विमर्श’ द्वारा प्रारंभ किए गए इस अखिल भारतीय सम्मान के तहत साहित्यिक पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले संपादक को 11,000 रुपए, शॉल, श्रीफल, प्रतीकचिन्ह और सम्मान पत्र से अलंकृत किया जाता है.
ये सम्मान समारोह आगामी 7 फरवरी 2014 को गांधी भवन, भोपाल में आयोजित किया जाएगा. मीडिया विमर्श पत्रिका के कार्यकारी संपादक संजय द्विवेदी ने बताया कि आयोजन में अनेक साहित्कार, बुद्धिजीवी और पत्रकार हिस्सा लेगें. इस अवसर पर ‘मीडिया और लोकजीवन’ विषय पर व्याख्यान भी आयोजित किया जाएगा.
संजय द्विवेदी