लखनऊ के वरिष्ठ और काबिल पत्रकार अनिल यादव के बारे में सूचना है कि वे पिछले चौबीस घंटे से लापता हैं. उनका मोबाइल उनके घर में ही रखा मिला. परिवार, दोस्त-मित्र अनिल की शिद्दत से तलाश कर रहे हैं. उनके सभी जानने वालों से फोन कर करके पूछा जा रहा है कि क्या उन लोगों को अनिल के बारे में कुछ पता है. अनिल यादव पिछले दिनों पटना गए हुए थे. वहां से लौट कर लखनऊ आए. कल वो नवभारत टाइम्स के आफिस जाने के लिए निकले लेकिन आफिस नहीं पहुंचे.
बाद में नभाटा, लखनऊ आफिस से फोन अनिल के घर पर गया और अनिल के आफिस न आने के बारे में पूछा गया. तब अनिल की पत्नी ने जानकारी दी कि अनिल तो आफिस के लिए जा चुके हैं. पर जब आफिस से बताया गया कि वो यहां नहीं आए हैं तो अनिल की खोजबीन शुरू हुई. लखनऊ के पत्रकारों से पूछा जाने लगा. पुलिस तक भी बात पहुंचाई जा चुकी है. अनिल के मोबाइल का लोकेशन उनके घर का ही मिला. खोजबीन के बाद अनिल का मोबाइल घर में रखा मिल गया. पर अनिल का अब तक कोई पता नहीं है. लखनऊ के पत्रकारों के बीच अनिल यादव का लापता होना बड़ा सनसनीखेज मामला बन चुका है.






